Wednesday, 15 October 2014

तीन कवि : तीन कवितायेँ - 9

'स्पर्श' पर तीन कवि : तीन कविताओं की श्रृंखला के नवें अंक में इस हफ्ते प्रस्तुत हैं हरीशचन्द्र पाण्डेय, महेश पुनेठा और पवन प्रताप सिंह की कवितायें :
---------------------------------------------------------------------------------------------


कछार-कथा / हरीशचन्द्र पाण्डेय 



कछारों ने कहा
हमें भी बस्तियाँ बना लो
- जैसे खेतों को बनाया, जैसे जंगलों को बनाया

लोग थे
जो कब से आँखों में दो-एक कमरे लिए घूम रहे थे
कितने-कितने घर बदल चुके थे फ़ौरी नोटिसों पर
कितनी-कितनी बार लौट आए थे ज़मीनों के टुकड़े देख-देख कर

पर ये दलाल ही थे जिन्होंने सबसे पहले कछारों की आवाज़ सुनी
और लोगों के हसरतों की भी थाह ली, उनकी आँखों में डूबकर

उन्होंने कछारों से कहा ये लो आदमी
और आदमियों से कहा ये लो ज़मीन

डरे थे लोग पहले-पहल
पर उन्हें निर्भय करने कई लोग आगे आ गए
बिजली वालों ने एकान्त में ले जाकर कहा, यह लो बिजली का कनैक्शन
जल-कल ने पानी की लाइनें दौड़ा दीं
नगरपालिका ने मकान नम्बर देते हुए पहले ही कह दिया था
- जाओ मौज़ करो

कछार एक बस्ती है अब

ढेर सारे घर बने कछार में
तो सिविल लाइन्स में भी कुछ घर बन गए
लम्बे-चौड़े-भव्य

यह कछार बस्ती अब गुलो-गुलज़ार है

बच्चे गलियों में खेल रहे हैं
दूकानदारों ने दुकानें खोल ली हैं
डाक-विभाग डाक बांट रहा है
राशन-कार्डों पर राशन मिल रहा है
मतदाता-सूचियों में नाम बढ़ रहे हैं

कछार एक सर्वमान्य बस्ती है अब

पर सावन-भादों के पानी ने यह सब नहीं माना
उसने न बिजली वालों से पूछा न जल-कल से न नगरपालिका से न दलालों से
-- हरहराकर चला आया घरों के भीतर

यह भी न पूछा लोगों से
तुमने तिनके-तिनके जोड़ा था
या मिल गया था कहीं एक साथ पड़ा हुआ
तुम सपने दिन में देखा करते थे या रात में
लोगों ने चीख़-चीख़ कर कहा, बार-बार कहा
बाढ़ का पानी हमारे घरों में घुस गया है
पानी ने कहा मैं अपनी जगह में घुस रहा हूँ
अख़बारों ने कहा
जल ने हथिया लिया है थल
अनींद ने नींद हथिया ली है
लोग टीलों की ओर भाग रहे हैं

अब टीलों पर बैठे लोग देख रहे हैं जल-प्रलय

औरतें जिन खिड़कियों को अवांछित नज़रों से बचाने
फटाक् से बन्द कर देती थीं
लोफ़र पानी उन्हें धक्का देकर भीतर घुस गया है
उनके एकान्त में भरपूर खुलते शावरों के भी ऊपर चला गया है
जाने उन बिन्दियों का क्या होगा
जो दरवाज़ों दीवारों शीशों पर चिपकी हुई थीं जहाँ-तहाँ

पानी छत की ओर सीढिय़ों से नहीं बढ़ा बच्चों की तरह फलाँगते
न ही उनकी उछलती गेंदों की तरह टप्पा खाकर
-- अजगर की तरह बढ़ा
रेंगते-रेंगते, मकान को चारों ओर से बाहुपाश में कसते
उसकी रीढ़ चरमराते

वह नाक, कान, मुँह, रन्ध्र-रन्ध्र से घुसा
इड़ा-पिंगला-सुष्मन्ना को सुन्न करते

फ़िलहाल तो यह टीला ही एक बस्ती है
यह चिन्ताओं का टीला है एक
खाली हो चुकी पासबुकों का विशाल जमावड़ा है
उऋणता के लिए छटपटाती आत्माओं का जमघट है
यहाँ से लोग घटते जलस्तर की कामना लिए
बढ़ता हुआ जलस्तर देख रहे हैं

वे बार-बार अपनी ज़मीन के एग्रीमेण्ट पेपर टटोल रहे हैं
जिन्हें भागते-भागते अपने प्राणों के साथ बचाकर ले आए थे...


-
संपर्क - ए-११४, गोविन्दपुर कालोनी, इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश
-


भय अतल में / महेश चंद्र पुनेठा 


अपनी बड़ी बहन की बगल में
सहमा-सहमा बैठा मासूम बच्चा
जैसे छोटी-सी पूसी
ताकता, टुकुर-टुकुर मेरी ओर
ढूँढ़ रहा किसी अपने परिचित चेहरे को
पहला दिन है उसके स्कूल का

मालूम है मुझे—
बोलूँगा अगर कड़कती आवाज़ में
भीतर बैठ जाएगा उसके भय अतल में
निकल न पाएगा जो
आसानी से
किसी गड़े काँटे की तरह
बाधित हो जाएगी
उसकी सहज सीखने की प्रक्रिया ।
छुटकारा पाना चाहेगा स्कूल से ।

मालूम है मुझे—
मेरा दाँत पीसना
कठोर मुख-मुद्रा बनाना
या छड़ी दिखाना
जिज्ञासु बच्चे को
मजबूर कर देगा
मन मसोस कर बैठे रहने को
घोंट देगा गला जिज्ञासाओं का
भर देगा कुंठाओं से

यातना-शिविर की तरह
लगने लगेगा उसे स्कूल
होने लगेगा पेट में दर्द
स्कूल आते समय ।

पर भूल जाता हूँ मैं
यह सारी बातें
अवतरित हो जाता है—
दुखहरन मास्टर
भीतर तक
खड़ा होता हूँ जब
पाँच अलग-अलग कक्षाओं के
सत्तर-अस्सी बच्चों के सामने ।


-
ईमेल- punetha.mahesh@gmail.com
-



पीठ पीछे / पवन प्रताप सिंह 


पीठ पीछे
लोग बडी गालियां देते हैं
कुत्ता कमीना जालिम की 
उपाधियां देते हैं
अपार खुशी होती है इनको
अन्तर्मन में बुरा-भला कहकर 
अच्छे-भले लोगों को 
चाय की चुस्कियां लेते हुए
अपने परम मित्र के साथ 
इसी तरह की चर्चा चलती है 
एक विचित्र चित्र के साथ 
हाथ फैला-फैला कर कहते हैं 
अरे वो !
वो बड़ा ऐसा है
वो बड़ा वैसा है
पास बैठा मित्र भी
हांमी भरता रहता है
किन्तु उसे क्या पता कि
उसके जाने के बाद
यही बातें
उस पर भी लागू होती हैं ।
जी हां !
जब वह चला जाता है
तो यही उपाधियां 
ससम्मान उसे भी दी जाती हैं,
दूसरे मित्र के आते ही
कहकहे लगा कर
कह उठते हैं -
गया साला ।
ये तो ऐसा है
ये तो वैसा है …
दूसरा मित्र भी
इन्हीं उपाधियों का
हकदार है
वहाँ से चले जाने के बाद 
यानि कि - ये उपाधियां 
सिर्फ पीठ पीछे ही दी जाती हैं
यही सिलसिला
अनवरत चलता है ।


-
संपर्क- ग्राम व पोस्ट- सौन्हर, तहसील- नरवर, जिला- शिवपुरी (म.प्र.)- 473880
ईमेल- pawanbaish8@gmail.com
-

Sunday, 12 October 2014

मिता दास की तीन कवितायेँ

‘स्पर्श’ पर पहली बार प्रकाशित हो रही मिता दास अनुवाद के क्षेत्र में एक सुपरिचित नाम है | वह खुद भी हिंदी व बांग्लाभाषा में कवितायेँ, कहानियां व लेख लिखती हैं | कई सम्मानों से समादृत मिता की रचनाएँ लगभग सभी प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं | जनसंस्कृति मंच से जुड़ाव | भिलाई (छ.ग.) में रहती हैं | उनका स्वागत करते हुए प्रस्तुत हैं इस हफ्ते उनकी तीन हिंदी कवितायेँ
------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------


यह कविता सिर्फ तुम्हारे लिए

        इधर नितांत निजी सा
        कोई नहीं मिलता
        ठीक अरण्य में पथ भूला जैसे
        टूटा - फूटा अभिमानी मुख
        डूबता - उतराता है उसे
        अनुभूति की नाव पर
        शून्य में तिमिर में |

        दिखता पथ , घाट , नदी का तट
        पर डूबते - उतराते दृष्टि पट पर
        कोई उकेरता शब्द - चित्र
     

        अजाना सा कवि कोई ,
        लिखता नीली स्याही से
        सिर्फ प्रेम कवितायेँ
        उस स्त्री के विषय में
        जिस स्त्री के सपने अभी भी
        जीवन समर में
        युद्ध रत है |



स्त्री का कविता हो जाना


       कितनी ही रचनाएँ
       रसोई में
       नमकदानी के सिरहाने
       दम तोड़ देती हैं
       खाना बनाती उस स्त्री की
       जब वह शब्द गढ़ती है
       हाथ हल्दी से पीले हो जाते हैं
       आटा गूंथती है तो
       मसालों की गंध से धुंधवाती मिलती है
       उस दिन वह कहानी के क्लाइमेक्स पर थी
       फ्रीज़ खोलकर टमाटर निकाले
       शब्द दौड़कर जा बैठे
       फ्रीज़ में रखे दही के कटोर दान में
       उस दिन तो हद ही हो गई
       अदरक का टुकड़ा पीसते हुए
       उसने पीस डाले सारे बेहतरीन शब्द
       और कविता गढ़ते - गढ़ते
       खुद कविता हो गई |



टेलिविज़न पर नाचती भूख


         टेलीविज़न के परदे पर
         नाचती विपाशा
         बिजली सी कौंधती मल्लिका
         टक - टक , टुक - टुक करती
         राखी की अदाओं पर
         खोया पूरा गाँव


         इन्ही सबके बीच
         रात कौन था
         अरहर की मेंढ़ पर
         ठीक उनके खेतों के बीच
         खड़े रहे कुछ पल सांस रोके
         चहल कदमी की कुछ ने भारी कदमो से


         देखो !
         आज सुबह से गायब हैं
         बारह नाबालिग लड़कियाँ
       

         बिजली की जगह
         भूख सी नाचती
         परदे पर अर्धनग्न युवतियों को देखकर
         जवान और बूढ़े सहला रहे थे
         अपनी आँखें
         और केबल की काली उजली
         बिजली के तारों को देख
         खुश थे बच्चे


         टेलिविज़न के परदे पर
         वो युवती जता रही थी ... बेखबर सी
         काले भैंस पर चढ़ कर ...
         "बाबूजी.... जरा धीरे चलो,
         बिजली खड़ी यहाँ .... बिजली खड़ी ..........

             ०००००००


संक्षिप्त परिचय

मिता दास
जन्म- 12 जुलाई सन 1961, जबलपुर { म.प्र.}
शिक्षा- बी.एस.सी.
विधा- हिंदी भाषा,  बांग्लाभाषा में कविता, कहानी, लेख, अनुवाद और संपादन
प्रकाशित ग्रन्थ-  1-"अंतर मम" { काव्यग्रन्थ, बांगला भाषा में } 2003 में
2-''अनुवाद एर जलसा'' { अनुदित कविताओं का संकलन बांगला भाषा में } प्रकाशनाधीन
3-'' माँ खिदे पेयेचे'' { बांग्ला काव्य संकलन } शीघ्र प्रकाशित
प्रसारण- आकाशवाणी रायपुर से 16 वर्षों से लगातार स्वरचित कविताओं का प्रसारण, दूरदर्शन रायपुर से कविताओं का प्रसारण, भोपाल दूरदर्शन से गीतों का प्रसारण
प्रकाशन– 1- बांग्ला कहानी एवं कविताओं का लगातार 15 वर्षों से लेखन एवं रेखांकन भी प्रकाशित
2- हिंदी कहानी एवं कविताओं का लगातार लेखन एवं रेखांकन का प्रकाशन
3- हिंदी से बांग्ला, बांग्ला से हिंदी में कविता, कहानियों का अनुवाद एवं प्रकाशन
पत्र-पत्रिकाएं- नया ज्ञानोदय, युद्धरत आम आदमी, शेष, पाखी, पब्लिक एजेंडा, अभिनव मीमांशा, सूत्र, संबोधन, अरावली ऊदघोष, परस्पर, समकालीन जनमत, सनद, समग्र दृष्टि, सद्भावना दर्पण, राष्ट्र सेतु, छत्तीसगढ़ आसपास, छत्तीसगढ़ टुडे, नारी का संबल, विकल्प, समावर्तन, साहित्यनामा, अक्षर की छांव, संतुलन, बहुमत {ग्रामोदय} आदि ।
कई सम्मानों से समादृत |
संपर्क- 63/4 नेहरू नगर पश्चिम, भिलाई, छत्तीसगढ़, 490020
ईमेल- mita.dasroy@gmail.com
-

Sunday, 5 October 2014

तीन कवि : तीन कविताएँ - 8


तीन कवि : तीन कविताओं में इस हफ्ते प्रस्तुत हैं निर्मला पुतुल, आशा पाण्डेय और प्रियंका सिंह की कविताएँ :
-------------------------------------------------------------------------------

अगर तुम मेरी जगह होते / निर्मला पुतुल 

ज़रा सोचो, कि
तुम मेरी जगह होते
और मैं तुम्हारी
तो, कैसा लगता तुम्हें?

कैसा लगता
अगर उस सुदूर पहाड़ की तलहटी में
होता तुम्हारा गाँव
और रह रहे होते तुम
घास-फूस की झोपड़ियों में
गाय, बैल, बकरियों और मुर्गियों के साथ
और बुझने को आतुर ढिबरी की रोशनी में
देखना पड़ता भूख से बिलबिलाते बच्चों का चेहरा तो, कैसा लगता तुम्हें?

कैसा लगता
अगर तुम्हारी बेटियों को लाना पड़ता
कोस भर दूर से ढोकर झरनों से पानी
और घर का चूल्हा जलाने के लिए
तोड़ रहे होते पत्थर
या बिछा रहे होते सड़क पर कोलतार, या फिर
अपनी खटारा साइकिल पर
लकड़ियों का गट्टर लादे
भाग रहे होते बाज़ार की ओर सुबह-सुबह
नून-तेल के जोगाड़ में!

कैसा लगता, अगर तुम्हारे बच्चे
गाय, बैल, बकरियों के पीछे भागते
बगाली कर रहे होते
और तुम, देखते कंधे पर बैग लटकाए
किसी स्कूल जाते बच्चे को.

जरा सोचो न, कैसा लगता?
अगर तुम्हारी जगह मैं कुर्सी पर डटकर बैठी
चाय सुड़क रही होती चार लोगो के बीच
और तुम सामने हाथ बाँधे खड़े
अपनी बीमार भाषा में रिरिया रहे होते
किसी काम के लिए

बताओं न कैसा लगता ?
जब पीठ थपथपाते हाथ
अचानक माँपने लगते माँसलता की मात्रा
फोटो खींचते, कैमरों के फ़ोकस
होंठो की पपड़ियों से बेख़बर
केंद्रित होते छाती के उभारों पर ।

सोचो, कि कुछ देर के लिए ही सोचो, पर सोचो,
कि अगर किसी पंक्ति में तुम
सबसे पीछे होते
और मैं सबसे आगे और तो और
कैसा लगता, अगर तुम मेरी जगह काले होते
और चिपटी होती तुम्हारी नाक
पाँवो में बिवाई होती ?
और इन सबके लिए कोई फब्ती कस
लगाता ज़ोरदार ठहाका
बताओ न कैसा लगता तुम्हे...?
कैसा लगता तुम्हें...?

-
सम्पर्क पता: सचिव, जीवन रेखा, दुधनी कुरूवा, दुमका - 814101 झारखंड
ई-मेल: nirmalaputul@gmail.com
-

वेदना / आशा पाण्डेय ‘ओझा’ 


इधर तुम्हे देखने की मेरी चाह
बच्चे सी ज़िद्द पर अड़ी है
उधर तुम्हारे ना आने की उम्मीद
ठूंठ सी खड़ी है
दोनों में से कोई भी ना माने मेरी बात
ये कैसी दुर्दर परीक्षा की घड़ी है  
किस बिध और किसको समझाऊं मैं
जब तेरी झलक की तलबगार आंखें
दूर अंधेरों में भटकती है
तब स्मृतियों की झोली से
बिखरते रौशनी के छोटे-छोटे कण ही
बचातें हैं टूट-टूट कर गिरती मिटती आस को
पर उस पीर का क्या करूं 
पूरी दुनिया जब रंग जाती है
अबीर और गुलाल के मौसम में
मेरी अंत वासिनी वेदना
मीरा सी जोगिन ही रहती है
कभी तो रंग तूं
इस वेदना को
अपनी मुहब्बत के चटक रंग में
क्षण भर ही सही

-
-

बेबसी / प्रियंका सिंह 


वो
मजबूत हाथ
निर्भीकता से
कमज़ोर, मुलायम कलाई
को जकड़ता हुआ
दबाता रहा......मसलता रहा

जोर
भर बाजुओं में
मछली सा कसता रहा
समेटता रहा .....मसलता रहा

सिरहन, कराहट और
दर्द से बिलखती
कमज़ोर, मुलायम कलाई
मसमसाती रही
चंगुल से छुटने को
छटपटाती रही
नब्ज़ चलती और रूकती रही
दर्द बढ़ता और बढ़ता रहा
स्पर्श जलने लगा .....तेज़ और तीखा
मांस सा बद्बुदाने लगा
लहू नसों से
झाकने लगा झरझरा कर
पकड़ मजबूत और बेबसी का हाथ
गिरने लगा

लड़खड़ाते
पैरों को मसलती मर्दानगी
तन की लाज को उघाडती हैवानगी
विनती, रूदन, भीख, इंसानियत,
दया, अपमान, श्राप, कसम, वास्ता रस्मों का
सब निर्थक.....बेमायने....बेबुनियाद

भोग, हवस, प्यास, भूख, अकृत्य,
अप्रकर्तिक, कुंठित इच्छा, वीभत्स इरादे
सब घेरे खड़े है अपराध को .......
प्रेरित करते है ....व्यभिचार को

त्राहि-त्राहि का कृन्दन,
मदद का शोर, जुल्म की चीखें
घुटती आवाजें
कुछ पल बाद दम तोड़ देती है

अहंकार भरा व्यभिचारी
एक मर्द रूपी जानवर
हैवानियत के नाले में डुबकी लगा
मलीच पशु सा तृप्त
ठहाके लगाता है

बेबसी
आत्म गिलानी का
अपराधबोध लिए
तार-तार हुआ अपना जिस्म
समेट गहरे अंधकार से भरे
कुएं में आत्महत्या कर लेती है

जिस्म खुरचा, लहू से सना
भूख से खाया और बल से नोचा गया
दीवार से झड़ी सूखी रेत सा
बिखरा पड़ा है

सिसकियाँ भी हार गयी
करुणा के आगे ....हार गयी
आंसू खो गये
आंखे खुली है पर
नज़र कुछ नही आता
अँधेरा......सिर्फ अँधेरा है हर जगह
ताने, गालियाँ, उलाहने और
अपमान के गूंजते
साये से मंडराते है हर तरफ

पर ये क्या
ज़बां फिर चींखी, चिल्लाई
डर कर हाथों से मुंह में
खुद को छुपा लिया
भयभीत हो उठती है नज़रे जब
इन काले दूर तक फैले अंधकार में
चमकती है ....... भयंकर
भूखे भेड़ियों की आंखे
खुनी, प्यासी, हवस की आंखे
वेहशी....काटने को दौडती
हैवानियत भारी ये
मर्दाना जानवर की आंखे !

-
संपर्क- 27 ऋषि पुरम कॉलोनी, सिकंदरा, आगरा-7
ईमेल- priyanka2008singh@gmail.com
-

गाँधी होने का अर्थ

गांधी जयंती पर विशेष आज जब सांप्रदायिकता अनेक रूपों में अपना वीभत्स प्रदर्शन कर रही है , आतंकवाद पूरी दुनिया में निरर्थक हत्याएं कर रहा है...