Wednesday, 9 August 2017

क्रांतिकारी की कथा



‘क्रांतिकारी’ उसने उपनाम रखा था। खूब पढ़ा-लिखा युवक। स्वस्थ, सुंदर। नौकरी भी अच्छी। विद्रोही। मार्क्स-लेनिन के उद्धरण देता, चे-ग्वेवारा का खास भक्त।
कॉफी हाउस में काफी देर तक बैठता। खूब बातें करता। हमेशा क्रांतिकारिता के तनाव में रहता। सब उलट-पुलट देना है। सब बदल देना है। बाल बड़े, दाड़ी करीने से बढ़ाई हुई।
विद्रोह की घोषणा करता। कुछ करने का मौका ढूंढ़ता। कहता- “मेरे पिता की पीढ़ी को जल्दी मरना चाहिए। मेरे पिता घोर दकियानूस, जातिवादी, प्रतिक्रियावादी हैं। ठेठ बुर्जुआ। जब वे मरेंगे तब मैं न मुंडन कराऊंगा, न उनका श्राद्ध करूंगा। मैं सब परंपराओं का नाश कर दूंगा। चे-ग्वेवारा जिंदाबाद।”

कोई साथी कहता, “पर तुम्हारे पिता तुम्हें बहुत प्यार करते हैं।”

क्रांतिकारी कहता, “प्यार? हॉं, हर बुर्जुआ क्रांतिकारिता को मारने के लिए प्यार करता है। यह प्यार षणयंत्र है। तुम लोग नहीं समझते। इस समय मेरा बाप किसी ब्राह्मण की तलाश में है जिससे बीस-पच्चीस हजार रुपये लेकर उसकी लड़की से मेरी शादी कर देगा। पर मैं नहीं होने दूंगा। मैं जाति में शादी करूंगा ही नहीं। मैं दूसरी जाति की, किसी नीच जाति की लड़की से शादी करूंगा। मेरा बाप सिर धुनता बैठा रहेगा।”

साथी ने कहा, “अगर तुम्हारा प्यार किसी लड़की से हो जाए और संयोग से वह ब्राह्मण हो तो तुम शादी करोगे न?”

उसने कहा, “हरगिज नहीं। मैं उसे छोड़ दूंगा। कोई क्रांतिकारी अपनी जाति की लड़की से न प्यार करता है, न शादी। मेरा प्यार है एक कायस्थ लड़की से। मैं उससे शादी करूंगा।”

एक दिन उसने कायस्थ लड़की से कोर्ट में शादी कर ली। उसे लेकर अपने शहर आया और दोस्त के घर पर ठहर गया।
बड़े शहीदाना मूड में था। कह रहा था, “आई ब्रोक देअर नेक। मेरा बाप इस समय सिर धुन रहा होगा, मां रो रही होगी। मुहल्ले-पड़ोस के लोगों को इकट्ठा करके मेरा बाप कह रहा होगा ‘हमारे लिए लड़का मर चुका’। वह मुझे त्याग देगा। मुझे प्रापर्टी से वंचित कर देगा। आई डोंट केअर। मैं कोई भी बलिदान करने को तैयार हूं। वह घर मेरे लिए दुश्मन का घर हो गया। बट आई विल फाइट टू दी एंड-टू दी एंड।”

वह बरामदे में तना हुआ घूमता। फिर बैठ जाता, कहता, “बस संघर्ष आ ही रहा है।”

उसका एक दोस्त आया। बोला, “तुम्हारे फादर कह रहे थे कि तुम पत्नी को लेकर सीधे घर क्यों नहीं आए। वे तो काफी शांत थे। कह रहे थे, लड़के और बहू को घर ले आओ।”

वह उत्तेजित हो गया, “हूँ, बुर्जुआ हिपोक्रेसी। यह एक षणयंत्र है। वे मुझे घर बुलाकर फिर अपमान करके, हल्ला करके, निकालेंगे। उन्होंने मुझे त्याग दिया है तो मैं क्यों समझौता करूं। मैं दो कमरे किराए पर लेकर रहूंगा।”

दोस्त ने कहा, “पर तुम्हें त्यागा कहां है?”

उसने कहा, “मैं सब जानता हूं- आई विल फाइट।”

दोस्त ने कहा, “जब लड़ाई है ही नहीं तो फाइट क्या करोगे?”

क्रांतिकारी कल्पनाओं में था। हथियार पैने कर रहा था। बारूद सुखा रहा था। क्रांति का निर्णायक क्षण आने वाला है। मैं वीरता से लडूंगा। बलिदान हो जाऊंगा।
तीसरे दिन उसका एक खास दोस्त आया। उसने कहा, “तुम्हारे माता-पिता टैक्सी लेकर तुम्हें लेने आ रहे हैं। इतवार को तुम्हारी शादी के उपलक्ष्य में भोज है। यह निमंत्रण-पत्र बांटा जा रहा है।”

क्रांतिकारी ने सर ठोंक लिया। पसीना बहने लगा। पीला हो गया। बोला, “हाय, सब खत्म हो गया। जिंदगी भर की संघर्ष-साधना खत्म हो गयी। नो स्ट्रगल। नो रेवोल्यूशन। मैं हार गया। वे मुझे लेने आ रहे है। मैं लड़ना चाहता था। मेरी क्रांतिकारिता! मेरी क्रांतिकारिता! देवी, तू मेरे बाप से मेरा तिरस्कार करवा। चे-ग्वेवारा! डियर चे!”

उसकी पत्नी चतुर थी। वह दो-तीन दिनों से क्रांतिकारिता देख रही थी और हंस रही थी। उसने कहा, “डियर एक बात कहूं। तुम क्रांतिकारी नहीं हो।”

उसने पूछा, “नहीं हूं। फिर क्या हूं?”

पत्नी ने कहा, “तुम एक बुर्जुआ बौड़म हो। पर मैं तुम्हें प्यार करती हूँ।”


-हरिशंकर परसाई

इसलिए व्यंग्य…


इस विषय को कई तरह से देखा जा सकता है. क्या हमसे यह कैफियत मांगी जा रही है कि व्यंग्य किसलिए? वैसे इन दिनों बहुत सारा व्यंग्य ऐसा लिखा भी जा रहा है कि पूछने की तमन्ना तो हमारी भी होती है कि ऐसा व्यंग्य किसलिए? पर मैं उम्मीद करता हूं कि सम्पादक इतना कड़वा सवाल करने से कतराएगा. सहृदय सम्पादक का काम ऐसे प्रश्नों से आखें मींचे रहना है जिनसे सामना करने से स्वयं व्यंग्यकार छुपते फिर रहे हैं.

तो क्या सम्पादक आश्चर्य कर रहा है कि यह आजकल क्या चल रहा है कि व्यंग्य इतना लिखा जा रहा है यह विधा साहित्य के केंद्र में न भी आ गयी हो पर यह ‘सेंटरस्टेज’ के आसपास तो मंडराने ही लगी है. वह दौर कब का जा चुका है जब इस बात का स्यापा पीटा जाता था कि हाय, व्यंग्य स्पिरिट मात्र है और लोग इसे फालतू ही विधा मनवाने पर आमादा हैं. व्यंग्य को तो परसाई जैसे लोग ही विधा का दर्जा दिलाकर चले गये जो कदाचित, संकोच में ही इसे मात्र स्पिरिट कहते रहे. कभी इस बात पर गहन विचार होना ही चाहिए कि हिंदी साहित्य की राजनीति की वे क्या परिस्थितियां रही होंगी जिन्होंने परसाई से यह कहलवाया? क्या यह परसाई द्वारा उसी राजनीति की एक ‘राजनीतिक बयान’ द्वारा तात्कालिक काट मात्र थी जिसे हिंदी साहित्य आज तक व्यंग्य के विरुद्घ इस्तेमाल किया करता है? पता नहीं. परंतु यह तय है कि तब परसाईजी के साथ कुछ तो रहा होगा वर्ना, ‘यूं ही कोई बेवफा नहीं होता!’ बहरहाल.

‘व्यंग्य इसीलिए, का क्या जवाब बनता है?

कोई आपसे यह प्रश्न पूछ रहा है कि यार, तू यहां किसलिए? यह जो कविता, कहानी, आलोचना के बामनों की पंगत चल रही थी, और बढ़िया ही चल रही थी सो तू, इस पगंत में यहां कैसे? आभिजात्य के ठसकों से भरे विद्वतजनों की इस महफिल में, जहां जीवन के गूढ़ रहस्यों पर गहन वायवीय विचार-विमर्श चल रहे थे वहां तू समकालीन समाज की विसंगतियों के कीचड़ में लिथड़े पांव लेकर कहां घुस आया? तू जो अप्रिय प्रश्नों को सीधे पूछने की हिमाकत करता है और जीवन के गूढ़ार्थों में भी सीधे ही घुसता है- तू है कौन? तू जो कला के प्रचलित मुहावरों तथा विषयों के तिलिस्म को तोड़ने का दुस्साहस करता हुआ इस लोहगढ़ी में इतने अंदर तक घुसा चला आ रहा है, तू है कौन? और किसलिए? व्यंग्य आखिर किसलिए? बता न? क्या व्यंग्य मात्र एक किस्म के एक्टिविज्म से प्रेरित विधा है. क्या यह कुछ स्वयंसेवी किस्म ऐक्टिविस्ट लेखकों का हिंदी साहित्य की बस्ती में पाप्यूलिस्ट किस्म का जुलूस मात्र है जिसे इतने लोग देख रहे हैं कि बस्ती सतर्क हो गयी है कि यार, यह हो क्या रहा है? जब बात को, बड़े कलापूर्ण तरीके से, ढांक-ढूंक के कविता में यूं कहा जा सकता था कि सांप भी मर जाता और लाठी भी सलामत रहती, तब यह कौन है जो कड़वे सत्य की लाठी को कलापूर्वक तथा बड़े कौशल से भांजता हुआ सांप के पीछे यूं आया है कि सीधे ही मुठभेड़ पर आमादा प्रतीत होता है? फिर यह भी तय करना है कि व्यंग्य मात्र विसंगतियों से मुठभेड़ का एक और तरीका है जैसा कि बहुत सारे व्यंग्यकार स्वयं कहते फिरते हैं या कि बात और कहीं गहरी है? विसंगतियों पर चोट मात्र की बात ही होती तो फिर दिल में वह दर्द कहां से आता जो अच्छे व्यंग्य की पहली और आखिरी शर्त है? करुणा के बिना व्यंग्य कैसा?

फिर विसंगति अन्याय आदि का खेल क्या केवल राजनीति, प्रशासन तथा समाज व्यवस्था में ही है या बात इससे भी कहीं गहरी है? विसंगतियों को पकड़ने की नज़र तब मिलती है जब आप जीवन को पकड़ने वाली नज़र रखते हों? क्या आप में जीवन में गहरे उतरने की कला है? कहीं, गहरे उतरने पर आपकी श्वास तो नहीं उखड़ने लगती? तभी, श्वास बचाते हुए, आप कहीं किनारे, किनारे- जीवन के उथले जल में बगुले की भांति विसंगतियों का शिकार करते हुए तुकबंदी वाली कविता, सपाटबयानी वाले व्यंग्य और शब्दों के खेल में उलझी कहानियां तो नहीं रचते रहते? जीवन से आपका प्रेम कितना गहन है? क्या आप गरीब की आह के उस ताप को महसूस कर पाते हो जिसमें लोहा भी भस्म हो जाता है? क्या व्यंग्य गुदगुदाने का एक तरीका है, मीठी चोट है, विसंगतियों पर प्रहार मात्र है या फिर यह जीवन से पाठक की नये सिरे से नयी तरह की पहचान कराने वाला अनोखा लेखन है? व्यंग्य में कविता भी होती है पर यह कविता मात्र नहीं. व्यंग्य में कथा भी हो सकती है पर कहानी से अलग ही सत्ता है इसकी. व्यंग्य में निबंध भी हो सकता है पर वह व्यंग्य में आकर निबंध भर नहीं रह जाता. व्यंग्य में नाटक भी खूब होता है पर वह आम लिखे गये नाटकों से एकदम अलग चीज़ होती है. तो व्यंग्य में हर विधा उपस्थित है. और अनुपस्थित भी, तभी तो व्यंग्य को विधा मानने को वे लोग राजी ही नहीं जिन्होंने विधा की अपनी शात्रीय परिभाषा बना रखी है. यह शात्र सम्मत परिभाषा में फिट ही नहीं होता. पर इसमें व्यंग्य बेचारा क्या करे? व्यंग्य तो सीमाओं के अतिक्रमण में विश्वास रखता है. इसे आप अराजक कहते हैं तो यह आपकी मूढ़ता और आपकी जड़ता है. व्यंग्य की व्याप्ति असीमित है. तभी तो आप एक ही व्यंग रचना में निबंध से शुरू होकर नाटक, कविता तथा कथा के तत्व भी उसी रचना में पा सकते हैं और तब भी व्यंग्य में इस हरकत को व्याकरण सम्मत मान लिया जाता है! 

जीवन बेहद सुंदर है. यह इतना सुंदर है कि संवेदनशील रचनाकार इसे तनिक भी असुंदर होते नहीं देख सकता. वे सारी शक्तियां, वे सारे अन्याय, वे सारे मनुष्य-विरोधी काज जो जीवन को कुरूप बनाने का षड्यंत्र करते हैं– उसकी संवेदना को झिंझोड़कर रख देते हैं. इन राक्षसी शक्तियों की पहचान मनुष्य जाति से कराने का काम रचनाकार इसीलिए करता है ताकि जीवन की सुंदरता कायम रहे. व्यंग्य लिखकर वह अपने ही संवेदनशील मन की रक्षा करता है. वास्तव में व्यंग्य उस खलबली का दस्तावेजीकरण है जो समाज से निकलकर रचनाकार के संवेदनशील मन में उतर आती है. व्यंग्य निश्चित ही छपास की भूख बुझाने का साधन नहीं है जो बहुत से तथाकथित व्यंग्यकारों ने बना रखा है. व्यंग्य कोई कैरियर भी नहीं है. व्यंग्य लिखना येन -केन-प्रकारेण स्वयं को लेखक सिद्घ करवाने का जुगाड़ मात्र भी नहीं हो सकता है. व्यंग्य चुटकुलेबाजी का मौका भी नहीं है. व्यंग्य एक सपाट बयानबाजी भी नहीं है. व्यंग्य तो अपने समकालीन समय के साथ एक सार्थक, अनिवार्य और बेहद जटिल संवाद है जो साहित्य को साहित्य की अन्य विधाओं की सीमाओं से और आगे ले जाता है. यह नितांत समकालीन होते हुए भी सार्वभौमिक सरोकारों को व्यक्त करने की कठिन कला है. व्यंग्य लिखना कोई आसान काम नहीं है. यह खाला का घर नहीं कि यूं ही, बिना तैयारी के, कोई भी इसमें घुसा चला आये. व्यंग्य-लेखन गहन समाजशात्रीय अध्ययन और समझ तो मांगता ही है, यह व्यंग्यकार में एक गहरी राजनीतिक समझ की मांग भी करता है जो सत्ता के बारीक, पेंचदार खेल को समझ सके. व्यंग्यकार किसी भी सहृदय कवि से गज्यादा भावुक होता है. वह दिल टूटने और विरह की शायरी न भी लिखता हो पर उसके हृदय में वैसी ही खलबली मची रहती है.

परदुखकातर इस हद तक होता है कि उससे दूसरों का दुख बर्दाश्त ही नहीं होता. वह इस कदर करुणाविगलित होता है कि उस करुणा का थोड़ा सा हिस्सा भी रचना में आ जाये तो पाठक भीग जाता है. व्यंग्यकार होने के लिए एक भता ही मारी का बना शख्त चाहिए. हर शख्स व्यंगकार नहीं हो सकता. कई बड़े कवियों ने, कथाकारों ने कोशिशें की हैं पर कांख- कांख कर भी वे एक ढंग का व्यंग्य नहीं लिख सके. व्यंग्य के लिए एक अलग ही जीवन दृष्टि चाहिए. एक अलग ही किस्म की कलाकारी चाहिए. व्यंग्य का विचार पक्ष, भाव पक्ष और कला पक्ष स्वयं में इन सबकी एक नैसर्गिक समझ भी मांगते हैं और इन सबमें दीक्षित होने के लिए वृहद अध्ययन भी. व्यंग्य केवल व्यंग्य साहित्य का अध्येता होकर ही नहीं लिखा या समझा जा सकता. इसके लिए आपको कवि से ज्यादा कविताई, कहानीकार से ज्यादा किस्सेगोई और पत्रकार से ज्यादा समकालीन घटनाओं का अध्ययन चाहिए.

यह सब एक जगह इकट्ठा हो जाये तभी व्यंग्य तथा व्यंग्यकार का जन्म होता है. इसीलिए व्यंग्य लिखा जाता है. इसीलिए व्यंग्य लिखना इतना कठिन है. इसीलिए व्यंग्य एक बड़ा साहित्य अनुज्ञन है. इसीलिए व्यंग्य लिखना बेहद ज़िम्मेदारी का काम है जिसे हमारे अनेकानेक व्यंग्यकार आज तक नहीं समझ सके हैं.

व्यंग्य इसीलिए लिखा जायेगा क्योंकि यदि साहित्य समाज का दर्पण है तो व्यंग्य एक साथ ही दर्पण, खुर्दबीन, दूरबीन और केतिगोस्कोप भी है ऐसा शीसाविज्ञान नहीं बना पाया है पर साहित्य बना लिया है। व्यंग्य इसलिए है और बेहद जरूरी है।

-ज्ञान चतुर्वेदी  

(नवनीत के मार्च 2014 अंक से साभार)

Thursday, 29 June 2017

अतिथि देवो भव / सीताराम गुप्ता


यदि हम अच्छे मेहमान और अच्छे मेज़बान बन सकें तो जीवन कितना आनंदपूर्ण हो जाए!

     हमारी संस्कृति में आतिथ्य को बड़ा महत्त्व प्रदान किया गया है। अतिथि को भगवान का दर्जा दिया गया है। कहा गया है अतिथि देवोभव। इसी का पालन करते हुए अधिकांश लोग घर आए मेहमानों की सेवा-सत्कार में जी जान से लग जाते हैं। जो चीज़ें स्वयं अपने लिए या अपने बच्चों के लिए सुलभ नहीं करवा पाते हैं उन चीज़ों को अपने मेहमानों के लिए सुलभ करवाने का प्रयास करते हैं। निस्संदेह मेहमाननवाज़ी अथवा आतिथ्य हमारे जीवन और व्यक्तित्व का महत्त्वपूर्ण अंग है। जो व्यक्ति अथवा परिवार मेहमाननवाज़ी अथवा आतिथ्य में कोताही बरतते हैं वे अपने परिचितों, मित्रों व रिश्तेदारों में ही नहीं समाज में भी न तो सम्मान ही पाते हैं ओर न स्नेह ही। हमें घर आए मेहमानों का यथोचित स्वागत-सत्कार करना ही चाहिए। यह हमें सुसंस्कृत व शिष्ट बनाने के साथ-साथ आनंद भी प्रदान करने में सक्षम होता है। ये भी कहा गया है कि भाग्यवान घरों में ही मेहमान आते हैं। मेरा तो मानना है कि जिन घरों में मेहमान आते हैं और जो आतिथ्य का भरपूर आनंद लेते हैं वही भाग्यवान बनते हैं।

     प्रश्न उठता है कि जहाँ समाज में अतिथि को भगवान का दर्जा दिया गया है वहीं क्या अतिथि को अपने इस दर्जे की गरिमा का पालन नहीं करना चाहिए? कई लोग ऐसे भी होते हैं जहाँ कहीं भी जाते हैं मेज़बान के लिए परेशानी ही पैदा करते हैं। एक अच्छा मेज़बान होने के साथ-साथ एक अच्छा मेहमान बनना भी अनिवार्य है। एक मेहमान को भी चाहिए कि वो जहाँ जा रहा है उनके लिए प्रसन्नता का कारण बने न कि परेशानी का। किसी भी व्यक्ति को कहीं मेहमान के रूप में जाने से पहले कई बातों पर विचार कर लेना चाहिए।

     सबसे पहले तो हमारा यही देखना बनता है कि हम जहाँ अतिथि बनकर जा रहे हैं वहाँ जाना बनता भी है या नहीं। क्या उस परिवार या व्यक्ति विशेष से हमारे ऐसे संबंध है कि हम बेतकल्लुफ़ होकर उनके मेहमान बन जाएँ? कई लोगों को सिर्फ़ पता चाहिए और वे ऐसे लोगों के यहाँ जा पहुँचते हैं जो न तो उन्हें जानते हैं और न उनसे पहले मिले ही होते हैं। ऐसी स्थिति में किसी के यहाँ जा टिकना सरासर ग़लत है। किसी अपरिचित से मिलने जाने में कोई बुराई नहीं लेकिन किसी अपरिचित के यहाँ जाकर टिक जाना बुरी बात है।

     किसी के यहाँ मेहमान बनकर जाने से पूर्व सूचना देना ही नहीं अपितु ये पूछना भी अनिवार्य है कि आप कहीं व्यस्त तो नहीं और हमारे आने से आपको असुविधा तो नहीं होगी। यदि कोई प्रसन्नतापूर्वक अनुमति दे अथवा आग्रह करके बुलाए तभी जाएँ अन्यथा नहीं। जबरदस्ती किसी का मेहमान बनना घोर अशिष्टता है। कई लोग न केवल बिना पर्याप्त सूचना के अथवा असमय स्वयं किसी के यहाँ मेहमान रूपी भगवान बनकर प्रकट हो जाते हैं अपितु अपने साथ अपने मित्रों अथवा रिश्तेदारों रूपी देवी-देवताओं को साथ लेकर साक्षात दर्शन देने को प्रस्तुत हो जाते हैं। अब इस भगवत मंडली को साक्षात अपने सम्मुख पाकर मेज़बान किस क़दर अपने भाग्य पर इठलाने लगेगा आप स्वयं अनुमान लगा सकते हैं।

     जब लोग बिना किसी पूर्व सूचना के आ धमकते हैं तो कई बार मेज़बान को बड़ी असुविधा होती है। शहरों में अधिकांश लोग व्यस्त रहते हैं और उनका कार्यक्रम अथवा दिनचर्या निश्चित होती है। ऐसे में यदि बेमौसम बरसात की तरह कोई मेहमान या मेहमान परिवार आ टपकता है तो उनका सारा कार्यक्रम चौपट हो जाता है। कई बार भारी आर्थिक नुक़सान भी हो जाता है।

     बहुत से लोग बहुत महत्त्वपूर्ण अथवा संवेदनशील पदों पर कार्य करते हैं अतः उनके लिए एकदम से छुट्टी लेना भी संभव नहीं होता। ऐसे में यदि कोई अचानक आकर मेहमान हो जाए तो बड़ी समस्या पैदा हो जाती है। मेज़बान कुछ करना चाहते हुए भी विवश होता है। किसी के लिए ऐसी स्थिति उत्पन्न करना अच्छा नहीं। ऐसा करना आपसी संबंधों के लिए घातक भी हो सकता है।

     कभी घरों में परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कार्यों पर चले जाते हैं और घर पूरे दिन बंद रहता है। कई लोग अपने घरों को किसी दोस्त अथवा रिश्तेदार के भरोसे भी नहीं छोड़ना चाहते अतः ऐसे में कोई मेहमान बिना बुलाए या बिना सूचित किए आ जाता है तो सचमुच बड़ी परेशनी का कारण बनता है। किसी को अपना घर दूसरों के भरोसे छोड़ने के लिए विवश करना किसी भी तरह से उचित नहीं कहा जा सकता। ऐसे में कोई असामान्य घटना घटित हो जाती है तो उसकी क्षतिपूर्ति कौन करेगा?

     शहरों में अधिकांश घर अपेक्षाकृत छोटे ही होते हैं और बड़े भी हों तो घर के सदस्यों की आवश्यकता के अनुसार ही बेड अथवा दूसरा फर्नीचर होता है। ऐसे में कई मेहमान आ जाएँ तो स्थिति बहुत ख़राब हो जाती है। यदि घर में चार सदस्य हैं और पाँच-छह सदस्य लंबे समय के लिए मेहमान के तौर पर आ जाएँ तो क्या हालत होगी अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं।

     आज के ज़माने में मेज़बान की आर्थिक स्थिति को भी नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। यदि किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है तो ऐसे में किसी नज़दीकी रिश्तेदार का भी उसके यहाँ जाकर मेहमान बनना उचित प्रतीत नहीं होता। यदि कोई व्यक्ति किसी भी कारण से नहीं चाहता कि आप उसके यहाँ मेहमान बनें तो उसके वहाँ जाना निर्लज्जता ही होगी। ऐसी कुचेष्टा कई बार संबंधों में स्थायी विघटन का कारण भी बन जाती है।

     कई लोग कहते हैं कि उन्हें तो बस रात गुज़ारने के लिए स्थान चाहिए दिन में तो ज़रूरी काम निपटाने के लिए या घूमने के लिए बाहर ही रहना होता है। खाना भी बाहर ही खाना पसंद करते हैं। जब आपको मेज़बान से कोई लगाव ही नहीं है तो उनके यहाँ मेहमान बनने की क्या ज़रूरत है? होटल का किराया बचाने के लिए? ऐसे लोगों को किसी शरीफ़ आदमी को बिना वजह परेशान और लज्जित करने की बजाय किसी होटल में ही रुकना चाहिए।

     कई लोग जानते हैं कि हम जहाँ मेहमान होने जा रहे हैं वो लोग हमें पसंद नहीं करते लेकिन फिर भी बेशर्म होकर उनके घर की कुंडी जा खटखटाते हैं। वहाँ रहेंगे भी रौब से। बातें भी ऐसे करेंगे जैसे यहाँ आकर मेज़बान के परिवार पर कोई बहुत बड़ा अहसान कर दिया हो। यदि वो नहीं आते तो मेज़बान महत्त्वहीन ही रह जाता। मेज़बान को ये जताने के लिए कि हम तुम्हारे ऊपर बोझ नहीं हैं आते-जाते कहीं से दस-बीस रुपल्ली की गली-सड़ी सब्ज़ियाँ अथवा फल ख़रीद लाएँगे। ये कहाँ की शालीनता अथवा शिष्टता है।

     कई लोगों को काम के सिलसिले में प्रायः किसी विशेष स्थान पर लगातार जाना पड़ता है और वे हर बार किसी परिचित को परेशान करने से बाज नहीं आते। कई बार तो अपने साथ अपरिचितों तक को ले जाने में भी संकोच नहीं करते जो कि बहुत ग़लत बात है। एक परिचित के यहाँ ऐसा ही एक मेहमान प्रायः आने लगा। कई-कई दिन रुकता। बाद में बिना पूछे ही एक दो को और भी लाने लगा। पहले कुछ अनुशासन रखा लेकिन बाद में कभी रात को दस बजे आ रहे हैं तो कभी बारह बजे। एक दिन जब रात को दो बजे लाव-लश्कर के साथ नशे में धुत्त इन सज्जन का आगमन हुआ तो इन्हें अंदर घुसने देने की बजाय इनका सामान इनके सुपुर्द करके बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। ऐसे लोगों के साथ ऐसा करना ही उचित है।

     कई लोगों को न तो खाने-पीने का शऊर होता है और न उठने-बैठने का। न तो ख़ुद अच्छे मेहमान होने का फ़र्ज़ अदा करते हैं और न अपने बच्चों को गंदगी फैलाने से रोकते हैं। न केवल मेज़बान का फ़र्नीचर और दीवारें गंदी कर डालते हैं अपितु क़ीमती सजावटी सामान भी तोड़-फोड़ डालते हैं। किसी के यहाँ जाकर इतना गंदा और अव्यवस्थित कर डालते हैं कि मेज़बार अंदर ही अंदर रो पड़ता है। उनके बच्चे अपना तांडव जारी रखते हैं और माँ-बाप उन्हें रोकने की बजाय उनकी शिष्टता और सद्गुणों के पुल बाँधने में ही लगे रहते हैं।

     एक बार एक सज्जन आए। अपने किसी अन्य रिश्तेदार के यहाँ किसी कार्यक्रम में आए थे। हमसे भी मिलने आ गए। पत्नी समेत आए थे। बतला रहे थे कि किसी फाइव स्टार होटल में रुके हुए थे। फाइव स्टार होटल से निकलकर हमारे ग़रीबख़ाने पर आ गए। पहले तो भाई साहब ने मिठाइयाँ खाकर हाथ बढ़ाकर पास ही लटकते हुए पर्दे से हाथ पौंछ लिए और उनकी श्रीमती जी ने मुंडी घुमाकर चाय पर आ गई पपड़ी को उँगली से उठाकर पीछे की दीवार पर लगा दिया जबकि मेज़ पर ही टिश्यू पेपर मौजूद थे। एक दो बार इशारों से रोकने की कोशिश भी की लेकिन बेकार। शायद फाइव स्टार होटल का असर बना हुआ था। कमी नहीं है ऐसे लोगों की। ऐसे मेहमानों से भगवान बचाए।

     एक बार किसी के यहाँ एक परिवार आया। उनके छोटे बच्चे भी थे। मेज़बान ने उनको ज़मीन पर दरी बिछाकर सुलाने की बजाय अपना बेडरूम दे दिया और ख़ुद फ़र्श पर चटाई डाल कर कई रातें गुज़ारीं। क्योंकि मेहमानें के छोटे बच्चे थे इसलिए बेड पर रबर की शीट बिछा दी थी लेकिन मेहमानों की उद्दण्डता देखिए कि उन्होंने वो शीट हटा दी जिससे बच्चों का मल-मूत्र सीधे गद्दों में पहुँच गया और उनमें इतनी दुर्गंध हो गई कि उन्हें फ़ौरन बदलवाना पड़ा। बार-बार कहने के बावजूद उन्होंने बेड पर रबर की शीट नहीं डाली और कहा कि हमारे बच्चे बिस्तर गीला नहीं करते जबकि वो दोनों क्रियाएँ बिस्तर में ही करते थे। कई लोग होते ही इतने असभ्य और विध्वंसक हैं कि न तो होटलों और धर्मशालाओं को ही बख़्शते हैं और न दोस्तों अथवा रिश्तेदारों को ही। ऐसे मेहमानों से न केवल सख़्ती से पेश आना चाहिए अपितु उन्हें दूर से सलाम कर लेने में भी कोई बुराई नहीं नज़र आती।

     डायपर का शायद नाम भी न सुना हो लेकिन नखरे ही नखरे। हर बात पर नखरे। खाने के वक़्त भी नखरे करते थे। बार-बार कहते थे कि आपके यहाँ ये नहीं बनता वो नहीं बनता। ये सज्जन और सजनी जी अपने बच्चों के लिए कुछ नूडल्स के पैकिट साथ लाए थे और बार-बार उन्हें पकाकर खिलाते थे। कहते थे कि हम बच्चों को सिर्फ़ नूडल्स और डिब्बाबंद दूध वग़ैरा ही देते हैं। भगवान बचाए ऐसे बेवकूफ़ और छिछोरे मेहमानों के नखरों से। जो लोग कहीं रिश्तेदारी वग़ैरा में जाते हुए अपने साथ अपने लिए थोड़ा बहुत खाने-पीने का सामान भी साथ लेकर जाते हैं वो वास्तव में बहुत ही निकृष्ट क़िस्म के लोग होते हैं। वो कभी अच्छे मेहमान या अच्छे इंसान नहीं हो सकते। यदि आपको किसी के घर का खान-पान और रहन-सहन पसंद नहीं है तो आप उनके यहाँ जाते ही क्यों हो?

     कुछ लोग कहीं जाते हैं तो कुछ उपहार अथवा फल-मिठाई आदि भी ले जाते हैं। कुछ ख़ुश होकर तो कुछ मजबूरी में। ये सज्जन भी आम लेकर आए थे। आम इतने बढ़िया थे कि मैंगो शेक बनाने की ज़रूरत नहीं सीधे गिलासों में डालो और सर्व कर दो। आमों की महक से उनका सामान तक महक रहा था। थैले में से बाहर निकालते वक़्त कुछ का शेक ही बाहर आ गया। एक विचित्र गंध उनमें से आ रही थी जिसके कारण उनको सीधे कूड़े की टोकरी के दर्शन करवाना अनिवार्य था। कहने लगे दिल्ली में अच्छे फल मिलते ही नहीं हमारे यहाँ तो बहुत अच्छे और ताज़ा फल मिलते हैं।

     कई लोग जान-बूझकर ऐसे समय में किसी के यहाँ जाते हैं जब वो सर्वाधिक व्यस्त होते हैं अथवा उनके बच्चों की परीक्षाएँ वग़ैरा होती हैं। ऐसे नकारात्मक विचारों वाले मेहमानों का मक़सद ही किसी को परेशान करना अथवा हानि पहुँचाना होता है। ऐसे लोगों को घर में तो क्या गली में भी नहीं घुसने देना चाहिए। न ग़लत लोगों के यहाँ जाओ और न उन्हें बुलाओ। कई लोग किसी मेहमान या मेहमान परिवार की ग़लत हरकतों का बदला लेने के लिए उनके यहाँ जा पहुँचते हैं और उनसे भी बुरा व्यवहार करते हैं जो किसी भी तरह से उचित नहीं कहा जा सकता। ऐसे में दोनों पक्ष ही भर्त्सना के पात्र हैं।

     मेहमान के लिए ज़रूरी है कि वो मेज़बान की इच्छा-अनिच्छा अथवा उसकी भावनाओं का भी ध्यान रखे। संयोग से मेरे पास बहुत से लोग मिलने के लिए आते रहते हैं। अपरिचित अधिक आते हैं। कुछ लोग फोन करके आते हैं तो कुछ बिना सूचना के ही आ जाते हैं। चाहे कोई सूचना देकर आए अथवा बिना सूचना के मुझे तो बहुत ही अच्छा लगता है। कोई हमसे मिलने आया है इससे बड़ी प्रसन्नता की बात हमारे लिए और क्या हो सकती है? आगंतुकों के साथ गपशप करने व उनके साथ चाय पीने में जो आनंद आता है वह अनिर्वचनीय है। कई लोग चाय नहीं पीएँगे। कहेंगे आपका अमूल्य समय लिया यही क्या कम है? अरे भई जब अमूल्य समय ले लिया तो एक कप चाय भी पी लो। लेकिन कुछ लोग बिल्कुल नहीं पीएँगे। ये कोई अच्छे मेहमान के लक्षण नहीं। ऐसी मानसिकता मेज़बान का सम्मान नहीं। हमें तो दोनों ही स्थितियाँ प्रिय हैं। चाहे कोई हमारे पास आए या हम किसी के पास जाएँ साथ बैठ कर चाय पीना तो वैसे भी बनता ही है।

     कई मेहमान बड़े विचित्र होते हैं। आते तो सूचना देकर ही हैं लेकिन या तो पहले ही आ टपकेंगे या फिर बहुत बाद में। ये मसला गाड़ी के लेट होने से संबंधित नहीं है अपितु उनकी नीयत में खोट का है। आज के युग में कार्यक्रम में किसी भी परिवर्तन की समय पर सूचना देनी चाहिए और ये मुश्किल भी नहीं है लेकिन कुछ लोगों को दूसरों को परेशानहाल देखने में ही आनंद आता है। कई बार ऐसे लोगों का मक़सद किसी से मिलने का नहीं होता अपितु असमय पहुँचकर मेज़बान की व्यवस्था में कमी ढूँढकर उसे लज्जित कऱने का होता है। कई बार कुछ लोग मेज़बान को अपने आने की व उनकी व्यवस्था करने की सूचना तो दे देंगे लेकिन पहुँचेंगे नहीं। ऐसे लोगों का क्या किया जाए?

     छत्तीसगढ़ से एक सज्जन का नवंबर में फोन आया। सज्जन नहीं चचेरे अनुज का फोन था। कहने लगे बच्चे आएँगे। कब आएँगे ये पूछने पर बतलाया कि मार्च में। कौन-कौन आएँगे ये पूछने पर बतलाया कि पता नहीं। चलो बुकिंग वग़ैरा करवा के बतला देना। हऔ। फरवरी के अंत तक कोई सूचना नहीं मिली। हमें व्यवस्था करनी थी सो चिंता हो रही थी। कई बार फोन किया। पता चला कि कई परिवार आ रहे हैं। दस-बारह आदमी तो होंगे। बच्चों समेत अठारह-बीस हो सकते हैं। किस दिन पहुँच रहे हैं कितने दिन रुकने का प्रोग्राम है? दिल्ली पहुँच कर बतलाएँगे। पता चला दस तारीख को दिल्ली पहुँच रहे हैं। सीधे घर आएँगे। नियत समय पर नहीं पहुँचे तो पता किया कि क्यों नहीं पहुँचे? पता चला कि और कहीं निकल गए हैं बाद में आएँगे। कब आएँगे? आने से पहले बता देंगे। रोज़ फोन करके पता करते रहे। तीसरे दिन बतलाया कि आज आ रहे हैं। कितने बजे? दोपहर तक। फिर फोन आया कि और कहीं निकल रहे हैं शाम तक आएँगे। कितने लोग आएँगे? सभी आएँगे।

     बीस लोगों के खाने की तैयारी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद फोन आया कि सीधे अभी आ रहे हैं। कितना समय लगेगा? दो-ढाई घंटे। चलो तब तक खाना तैयार हो जाएगा। युद्धस्तर पर खाना बनाने का काम किया जा रहा था। एक घंटे के बाद फिर फोन की घंटी बजी। माथा ठनका। कहीं कार्यक्रम फिर से तो नहीं बदल दिया? आवाज़ आई कि आपकी कॉलोनी के गेट पर पहुँच गए हैं किसी को भेज दीजिए। गुस्सा तो आया पर क्या किया जा सकता था? उनको लेने के लिए गेट तक पहुँचे। फिर गुस्सा आया। घर के दो सदस्य छुट्टी लेकर बैठे थे। एक महाराज की व्यवस्था की थी। बीस-पच्चीस आदमियों का खाना बन चुका था। मेहमान आए थे केवल सवा तीन। क़ायदे से मेहमान नहीं घर के सदस्य ही थे। कारण एक तो भतीजा था और उसकी पत्नी थी जो पहली बार आई थी। उनका दो वर्ष का पुत्र भी स्वाभाविक है पहली बार ही आया था। और साथ में थीं उनकी माताजी। गुस्सा संभव ही नहीं था। कोई शिकायत भी नहीं की। बच्चे को गोद में लेकर खिलाया। प्रेमपूर्वक बातें कीं। सभी को प्रेम से भोजन करवाया।

     अपने स्वजनों को अपने हाथों से खिलाने का आनंद ही कुछ और होता है। अपने बच्चों को खिलाने-पिलाने का अद्वितीय आनंद मिला। कुछ दिन पूर्व इनके ही दूसरे भाई के बच्चे भी आए थे। घर के सामने बीस गज़ की दूरी से होकर निकल गए पर घर नहीं आए। जो पुत्रवधू आई उससे कभी बात नहीं हुई थी। जो पुत्रवधू नहीं आई और जो घर के सामने बीस गज़ की दूरी से होकर निकल गई उससे ख़ूब बातें हुई हैं। नहीं आने के बाद भी हुई हैं। बड़ी अच्छी बच्ची है। फोन करती रहती है। उस पर तो क्रोध आ ही नहीं सकता। किसी न किसी दिन उसको भी अपने हाथों से खिलाने का आनंद मिलेगा आश्वस्त हूँ। जिन पर क्रोध करने की ज़रूरत होती है अगर वो क्रोध के प्रेम को नहीं समझते तो उन पर क्रोध करना बेमानी है। पता नहीं लोग कैसे अपने परिचितों, मित्रों और रिश्तेदारों के घरों के सामने से बिना मिले गुज़र जाते हैं? मैं ऐसा नहीं कर पाता हूँ। और न ऐसी कामना ही करता हूँ। कोई मिलने से इंकार कर दे तो मजबूरी है। हम शहरों में रहें अथवा गाँवों में, अमीर हों अथवा ग़रीब, बहुत पढ़े-लिखे हों या कम पढ़े-लिखे अच्छे महमान और अच्छे मेज़बान बन सकें तो जीवन कितना आनंदपूर्ण हो जाए!

सीताराम गुप्ता
ए.डी.-106-सी, पीतमपुरा,
दिल्ली-110034
फोन नं. 09555622323
Email : srgupta54@yahoo.co.in


Saturday, 24 June 2017

दो ग़ज़लें / नज़्म सुभाष



=====
गजल-१
=====

दफ्तर की शैतानी है
हरदिन आनाकानी है

मुद्दा इतना बड़ा नही
जितनी गलतबयानी है

तेरा स्वेद लहू जैसा
खून हमारा पानी है

आग लगाकर कम्बल दे
धर्म- धुरन्धर दानी  है

नजर मीन के जिस्मों पर
बगुला बेहद ध्यानी है

दिन बहुरेंगे दंगों के
बस अफवाह उड़ानी है

सबके अपने अपने सच
सबकी अलग जुबानी है

कैसे लिखे हालिया कुछ
मेरी कलम पुरानी है


=====
गजल-२
=====

जैसे - तैसे पलता रिक्शा
अक्सर नहीं निकलता रिक्शा

आंतों की ताकत पांवों में
दिनभर रहा बदलता रिक्शा

नमक मिर्च रोटी के दमपर
भारी बोझ फिसलता रिक्शा

मोलभाव मे गयी सवारी
हाथ रह गया मलता रिक्शा

कंबल ओढ़े ठंड काटता
गर्मी मध्य उबलता रिक्शा

सड़कों पर रुतबे के आगे
गाली खाता चलता रिक्शा

थकन टांग देता खूंटी पर
बेटी संग मचलता रिक्शा

पिचके गाल धंसी हैं आंखें
भरी जवानी ढलता रिक्शा

देर रात को घर मे आए
गिरता और संभलता रिक्शा

गले फेफड़े हांफ रहे
बलगम खून उगलता रिक्शा

____

नज्म सुभाष
३५६/ केसी २०८ कनकसिटी आलमनगर लखनऊ २२६०१७

मोबाइल नम्बर- ०९२३५७९२९०४

गाँधी होने का अर्थ

गांधी जयंती पर विशेष आज जब सांप्रदायिकता अनेक रूपों में अपना वीभत्स प्रदर्शन कर रही है , आतंकवाद पूरी दुनिया में निरर्थक हत्याएं कर रहा है...