Sunday, 9 November 2014

तीन कवि : तीन कविताएं - 12

वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना उन समर्थ कवियों में से हैं जो बहुत कम लिखकर भी प्रसिद्धि के शिखर तक पहुंचे हैं | वह उन चुनिन्दा कवियों में से हैं जो कविता संग्रहों से ज्यादा अपनी कविताओं के कारण जाने जाते हैं | उनकी कवितायें अपनी विशिष्ट भाषा-शैली और लयात्मकता के कारण पाठक के अंतर्मन में गहरे तक उतर जातीं हैं | विविध जीवनानुभवों से संपृक्त नरेश जी की छोटी-छोटी कविताओं का बहुरंगी संसार अद्भुत है और हमें सहज ही अपनी ओर खींचता है | युवा कवि एवं कथाकार विमलेश त्रिपाठी हिंदी साहित्य के पाठकों के लिए एक युवा और सुपरिचित नाम है | नयी पीढ़ी में वह हिंदी के सजग एवं संवेदनशील कवियों में से एक हैं | मनुष्य की निरंतर खोती जाती मनुष्यता को खोजती हुई सी विमलेश की कवितायें इस कठिन समय में मनुष्य की मनुष्यता का सशक्त बयान बनती हैं | बनवारी कुमावत राज हमारे लिए एक नया और युवतर चेहरा हैं | ‘स्पर्श’ पर वह पहली बार प्रकाशित हो रहे हैं | हम उनका भी स्वागत करते है | ‘स्पर्श’ पर इस हफ्ते तीन कवि : तीन कविताओं के इस अंक में प्रस्तुत हैं इन तीनों कवियों की कवितायें :
------------------------------------------------------------------------------------------------------------


रंग / नरेश सक्सेना 


सुबह उठ कर देखा
तो आकाश
लाल, पीले, सिंदूरी
और गेरूए रंगों से रंग गया था

मजा आ गया, 'आकाश हिंदू हो गया है'
पड़ोसी ने चिल्लाकर कहा
'अभी तो और मजा आएगा'
मैंने कहा
बारिश आने दीजिए
सारी धरती मुसलमान हो जाएगी।


-
संपर्क- विवेक खण्ड, 25-गोमती नगर, लखनऊ-226010
-


अकेला आदमी / विमलेश त्रिपाठी 


उसके अकेलेपन में कई अकेली दुनियाएँ साँस लेती हैं
उन अकेली दुनियाओं के सहारे
वह उस तरह अकेला नहीं होता है

अकेले आदमी के साथ चलती हुई
कई अकेली स्मृतियाँ होती हैं

कहीं छूट गए किसी राग की
एक हल्की-सी कँपकँपी की तरह
एक टूट गया खिलौना होता है

कुछ मरियल सुबह कुछ पीले उदास दिन
कुछ धूल भरी शामें
कुछ मुश्किल से बिताई गई रातें
इत्यादि...इत्यादि...
जो हर समय उसके चेहरे पर उभरी हुई दिख सकती हैं
कि उसके चलने में अपने चलने का वैशिष्ट्य
सिद्ध करते हुए स्पष्ट कौंध सकती हैं

लेकिन शायद ही यह बात हमारी सोच में शामिल हो
कि अकेला आदमी जब बिल्कुल अकेला होता है
तब वह हमारी नज़रों में अकेला होता है
हालाँकि उस समय वह किसी अदृश्य आत्मीय से
किसी महत्वपूर्ण विषय पर
ले रहा होता है कोई कीमती मशविरा
उस समय आप उसके हुँकारी और नुकारी को
चाहें तो साफ़-साफ़ सुन सकते हैं

अकेले आदमी की उँगलियों के पोरों में
आशा और निराशा के कई अजूबे दृश्य अटके रहते हैं
एक ही समय किसी जादूगर की तरह
रोने और हँसने को साध सकता है अकेला आदमी

अकेला आदमी जब बिल्कुल अकेला दिखता है
तब वास्तव में वह अकेलेपन के विशेषण को
सामूहिक क्रिया में बदल रहा होता है
और यह काम वह इतने अकेले में करता है
कि हमारी सोच के एकांत में शामिल नहीं हो पाता
और
सहता रहता है किसी अवधूत योगी की तरह वह
हमारे हाथों से फिसलते जा रहे समय के दंश
सिर्फ़ अपनी छाती पर अकेले
और हमारी पहुँच से दूर

अकेला आदमी कत्तई नहीं होता सहानुभूति का पात्र
जैसा कि अक्सर हम सोच लेते हैं

यह हमारी सोच की एक अनपहचानी सीमा है
नहीं समझते हम
कि अकेला आदमी जब सचमुच अकेला होता है
तो वह गिन रहा होता है
पृथ्वी के असंख्य घाव
और उनके विरेचन के लिए
कोई अभूतपूर्व लेप तैयार कर रहा होता है।


-
संपर्क- साहा इंस्टिट्यूट ऑफ न्युक्लियर फिजिक्स,1/ए.एफ., विधान नगर, कोलकाता-64
ईमेल-  bimleshm2001@yahoo.com
 -


कर्फ्यू / बनवारी कुमावत ‘राज’ 


घोर सन्नाटे के बीच
फड़फड़ाते परिंदे
घरों में कैद
रोती-बिसूरती शक्लें
घबराते कबूतरों की
गुटरगूं में
बेचैनी फैलाता ‘कर्फ्यू’

हाथगाड़ी खींचते रामलाल को
रोटी चाहिए बच्चों के लिए
‘कर्फ्यू’ नहीं

सब्जी का ठेला लगाते रहीम को
फ़िक्र है बच्चों की स्कूल फीस की

दूध और खाने को बिलखते बच्चों को
‘कर्फ्यू’ नहीं...खाना चाहिए

तो फिर
‘कर्फ्यू’ क्यों ?
किसे चाहिए
‘कर्फ्यू’ ?


-
संपर्क- द्वारा बोधि प्रकाशन, जयपुर
ईमेल- banwarirj@gmail.com
-

Sunday, 2 November 2014

तीन कवि : तीन कविताएं - 11

हिंदी के वरिष्ठ कवि केदारनाथ सिंह अपनी कविताओं में जनपदीय उपस्थिति के लिए जाने जाते हैं | उनकी कविता ने न केवल हिंदी अपितु भारतीय भाषा के कविता के बिम्ब-विधान, मुहावरे और भाषा को गहरे तक प्रभावित किया है | अज्ञेय द्वारा सम्पादित तीसरा सप्तक के एक प्रमुख कवि के रूप में ख्यातिप्राप्त केदारनाथ सिंह उन कवियों में से हैं जिन्होंने हिंदी कविता को सादगी से विन्यस्त करते हुए आंतरिक लय को नई दीप्ति प्रदान की | युवा कवि एवं कथाकार हरेप्रकाश उपाध्याय हिंदी साहित्य के पाठकों के लिए एक चर्चित नाम है | नयी पीढ़ी में वह हिंदी के सजग एवं संवेदनशील कवियों में से हैं | उनकी सीधी-सरल कवितायेँ अपने समय से सीधा संवाद करती हैं | कविता और कहानी में एक साथ शुरू करने वाले नामों में अनिल कार्की भी इधर तेज़ी से उभरता हुआ एक युवतर चेहरा हैं | ‘स्पर्श’ पर वह पहली बार प्रकाशित हो रहे हैं | हम उनका भी स्वागत करते है |


‘स्पर्श’ पर इस हफ्ते तीन कवि : तीन कविताओं के इस अंक में प्रस्तुत हैं इन तीनों कवियों की कवितायेँ :
--



बनारस / केदारनाथ सिंह

इस शहर में वसंत
अचानक आता है
और जब आता है तो मैंने देखा है
लहरतारा या मडुवाडीह की तरफ़ से
उठता है धूल का एक बवंडर
और इस महान पुराने शहर की जीभ
किरकिराने लगती है

जो है वह सुगबुगाता है
जो नहीं है वह फेंकने लगता है पचखियाँ
आदमी दशाश्ववमेध पर जाता है
और पाता है घाट का आखिरी पत्थर
कुछ और मुलायम हो गया है
सीढि़यों पर बैठे बंदरों की आँखों में
एक अजीब सी नमी है
और एक अजीब सी चमक से भर उठा है
भिखारियों के कटोरों का निचाट खालीपन

तुमने कभी देखा है
खाली कटोरों में वसंत का उतरना!
यह शहर इसी तरह खुलता है
इसी तरह भरता
और खाली होता है यह शहर 
इसी तरह रोज़ रोज़ एक अनंत शव
ले जाते हैं कंधे
अँधेरी गली से
चमकती हुई गंगा की तरफ़

इस शहर में धूल
धीरे-धीरे उड़ती है
धीरे-धीरे चलते हैं लोग
धीरे-धीरे बजते हैं घनटे
शाम धीरे-धीरे होती है

यह धीरे-धीरे होना
धीरे-धीरे होने की सामूहिक लय
दृढ़ता से बाँधे है समूचे शहर को
इस तरह कि कुछ भी गिरता नहीं है
कि हिलता नहीं है कुछ भी
कि जो चीज़ जहाँ थी
वहीं पर रखी है
कि गंगा वहीं है
कि वहीं पर बँधी है नाँव
कि वहीं पर रखी है तुलसीदास की खड़ाऊँ
सैकड़ों बरस से

कभी सई-साँझ
बिना किसी सूचना के
घुस जाओ इस शहर में
कभी आरती के आलोक में
इसे अचानक देखो
अद्भुत है इसकी बनावट
यह आधा जल में है
आधा मंत्र में
आधा फूल में है

आधा शव में
आधा नींद में है
आधा शंख में 
अगर ध्यामन से देखो
तो यह आधा है
और आधा नहीं भी है

जो है वह खड़ा है
बिना किसी स्थंहभ के
जो नहीं है उसे थामें है
राख और रोशनी के ऊँचे ऊँचे स्तम्भ
आग के स्तम्भ
और पानी के स्तम्भ
धुऍं के 
खुशबू के
आदमी के उठे हुए हाथों के स्तम्भ

किसी अलक्षित सूर्य को
देता हुआ अर्घ्य
शताब्दियों से इसी तरह
गंगा के जल में
अपनी एक टाँग पर खड़ा है यह शहर
अपनी दूसरी टाँग से
बिलकुल बेखबर !

-



बॉस और बीवी / हरे प्रकाश उपाध्याय 

वह जो मेरा बॉस है
आख़िर रोज़ क्या लेकर लौटता होगा अपने घर
अपनी प्रिय बीवी के लिए
क्या वह अपनी बीवी से
उमगकर करता होगा प्रेम
घर लौटकर चूमता होगा बेतहाशा उसका चेहरा
उतार लेता होगा उन वक़्तों में
अपने चेहरे से बनावटी वह सख़्त नक़ाब
क्या उसकी दिल की घड़ी बदल लेती होगी
अपनी चाल
क्या वह दफ़्तरी समय की
चिक-चिक, झिक-झिक से अलग
किसी मधुर संगीत में बजने लगती होगी

मैं लौटता हूँ लिए
अपनी बीवी के लिए
अपने चेहरे पर गुस्सा, चिन्ता, धूल-पसीना
जिसे देखते ही वह
अपनी जीभ और होठों से
पोंछ देना चाहती है

मैं डपटता हूँ उसे
निकालता हूँ उसके हर काम में
बेवजह ग़लतियाँ
अपने बॉस की तरह बनाकर सख़्त चेहरा
उसकी ख़बर लेता हूँ

मेरी प्रिय पत्नी मुझसे डरने लगती है
उसका डरना भाँपकर
मुझे ख़ुद से ही डर लगने लगता है
मैं अपना चेहरा छुपाता हूँ
इधर-उधर हो जाता हूँ
परेशान हो जाता हूँ
मैं पाग़ल हो जाता हूँ ...


-
संपर्क- ए-935/4, इंदिरानगर, लखनऊ-226016
-



तोड़ देंगे जंगलों का मौन / अनिल कार्की


वो नहीं करंगे इन्तजार सूरज आने का 
बल्कि अल-सुबह ही  
वे कुहरे की चादर चीरकर  
भेड़ों के डोरे खोल देंगे 
और चल देंगे जंगल की तरफ,

तब भेड़ों के खांकर बजेंगे जंगलों के बीच 
खनन-मनन वाली धुनों में 

दूर किसी पहाड़ पर 
कुहरे के भीतर गूंजेंगी 
शाश्वत खिलखिलाहटें 
और बजेंगी 
घस्यारिनों की दरातियाँ 

धीरे-धीरे ही छटकेगा 
कुहरा 
आवाजें और साफ 
और हमारे करीब होती जायेंगी 
एक दिन 

ठीक उसी वक्त धार पर चढ़ेगा सूरज 
और बिखेर देगा 
ढलानों पर 
मोतियों की तरह
रौशनी का घड़ा

-
ईमेल- anilsingh.karki@gmail.com
-

गाँधी होने का अर्थ

गांधी जयंती पर विशेष आज जब सांप्रदायिकता अनेक रूपों में अपना वीभत्स प्रदर्शन कर रही है , आतंकवाद पूरी दुनिया में निरर्थक हत्याएं कर रहा है...